फोटो-05एयूआरपी-15 घर में बिखरा पड़ा सामान दिखाती महिला। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अटसू (औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के विलावा गांव में शुक्रवार देर रात चोरों ने दो घरों से जेवर, नकदी व मोबाइल फोन पार कर दिए। चोर पीछे के रास्ते में घरों में घुसे और माल पार कर उसी रास्ते से भाग से गए। दोनों घरों के मुखिया ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए शनिवार को थाने में तहरीर दी है।
विलावा गांव निवासी देवेंद्र बाथम पत्नी के साथ मैनपुरी स्थित ससुराल गए थे।
घर में मां प्रकाशी देवी व दो बच्चे थे, जो जानवरों की रखवाली के लिए घर के बाहर टिन शेड के नीचे सो रहे थे। शुक्रवार देर रात को चोर पीछे की दीवार के सहारे घर के अंदर घुसे और कमरे का ताला तोड़कर उसमे रखी अलमारी से सोने-चांदी के जेवर व सात हजार रुपये चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने देवेंद्र के मकान से सौ मीटर की दूरी पर स्थित देवेंद्र अवस्थी के घर को निशाना बनाया।
देवेंद्र ने बताया कि उसके घर से चोर तीन मोबाइल चोरी कर ले गए। मोबाइल में लगे सिम को घर के बाहर फेंक गए। कोतवाली प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि दो घरों में हुई चोरी के मामले में तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
तीन रात, तीन थानाक्षेत्रों में हुई चोरी
इस दिनों में जिले की पुलिस को चोर लगातार चुनौतियां दे रहे है। चोरों ने बीती तीन रातों में फफूंद, अयाना व अजीतमल थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। तीनों थानों की पुलिस अभी तक चोरों को पकड़ना तो दूर उनका सुराग तक नहीं लगा सकी है। चोर अभी तक 11 घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके है। इससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।