दिबियापुर (औरैया)। कृष्णानगर कालोनी निवासी सिपाही के घर में जंगला तोड़कर घुसे चोरों ने लाखों के जेवर और नगदी चुरा ली। घटना के समय परिवार के लोग पैतृक गांव व सिपाही चुनावी ड्यूटी पर इटावा गया था। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
कृष्णानगर दिबियापुर निवासी मुनेश कुमार कानपुर के सचेंडी थाने में तैनात हैं। घर में मौजूद उनके पिता ओमकार ने बताया कि फसल कटाई का समय होने के कारण मुनेश की पत्नी व बच्चे पैतृक गांव उटकपुरा पाता गए थे। सोमवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने उनके घर के बाहर लगे जंगले के टूटा होने की जानकारी दी। इस पर वह सभी कृष्णानगर स्थित घर पहुंचे। कमरे व अलमारी का ताला टूटा था। लगभग तीन लाख रुपये के जेवर और नगदी चोरी हुई है। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
बैंक मैनेजर के घर चोरी का नहीं लगा सुराग
पिछले सप्ताह विकास कुंज कालोनी निवासी पंजाब नेशनल बैंक के सीनियर मैनेजर के घर पर लगभग 35 लाख रुपये की चोरी हुई थी। एक के बाद एक हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना है कि अभी बैंक मैनेजर के घर चोरी का खुलासा नहीं हो सका और पुलिस कर्मी के घर चोरी हो गई। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने कहा कि बैंक मैनेजर के घर हुई चोरी का भी खुलासा जल्द होगा।