एरवाकटरा। युवक के शादी से इंकार करने पर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक बेटी को घर से ले गया था और तीन दिन रखने के बाद उसे गांव छोड़ गया था। अब शादी से इंकार कर रहा था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
एरवाकटरा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी 20 वर्षीय बेटी को ग्राम कटका निवासी गोविंद 24 जनवरी को अपने साथ ले गया था। इसके तीन दिन बाद गोविंद बेटी को गांव छोड़ गया। घर पहुंची बेटी ने आपबीती बताई। इसके बाद जब बेटी ने युवक से शादी करने की बात कही तो उसने इंकार कर दिया। इतना ही नहीं गोविंद ने बेटी से कहा था कि वह उसे बदनाम करना चाहता था, इस कारण ही उसे ले गया था।
पिता के मुताबिक, गोविंद की बातों से आहत होकर शुक्रवार रात बेटी ने कमरे में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राम सहाय ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी गोविंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही है।