औरैया। यमुना के बीहड़ में बसे एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी का शव खेतों पर बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। किशोरी चारा फेंककर घर से निकली थी।
पुलिस ने घटना की जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के लेकर परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। उधर, पुलिस चारा डालने को लेकर विवाद होना बता रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मढ़ापुर निवासी राधा (17) पुत्री चंद्रशेखर शनिवार सुबह करीब सात बजे भैंस को चारा डालने के लिए जा रही थी। इस दौरान उसका परिजनों से विवाद हो गया। इस पर वह चारा फेंककर घर से कहीं चली गई।
काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में निकले। काफी खोजबीन के बाद परिजन खेतों की ओर पहुंचे तो राकेश यादव के खेत की मेड़ पर बबूल के पेड़ से राधा का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राधा की मौत का सही कारण कोई नहीं बता रहा है। पुलिस चारा डालने को हुए विवाद में घटना होना बता रही है।
वहीं परिजन इस मामले में चुप्पी साधे हैं। कोतवाल राजकुमार सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।