एरवाकटरा। प्रेमी के साथ निकाह करने जा रही नाबालिग को बयान दर्ज कराने के बाद मां के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में आरोपी युवक के खिलाफ बिधूना थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि बुधवार को बिधूना कस्बे में नाबालिग का निकाह कराए जाने की सूचना पर पुलिस ने निकाह रुकवाकर किशोरी व युवक को हिरासत में लिया था। गुरुवार को औरैया बाल संरक्षण अधिकारी रीना चौहान के नेतृत्व में पहुंची टीम को जांच के दौरान लड़की के नाबालिग होने के साक्ष्य मिले थे। शुक्रवार को किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
मामले में शनिवार को उसे औरैया में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश किया गया। जहां किशोरी के बयान दर्ज कराए गए। इस दौरान किशोरी ने मां के साथ जाने की मंशा जाहिर की। इस पर कमेटी ने किशोरी को मां को सुपुर्द कर दिया।
बाल संरक्षण अधिकारी रीना चौहान ने बताया कि किशोरी को उसकी मां के साथ भेजा गया है। वहीं आरोपी युवक के खिलाफ बिधूना थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।