औरैया। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं को खेल सामग्री उपलब्ध कराने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए प्राथमिक विद्यालयों को पांच हजार व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को 10 हजार रुपये जारी किए जाएंगे। यह स्पोर्ट्स किट विद्यालय प्रबंध समिति क्रय करेगी। इसमें इनडोर और आउटडोर गेम शामिल है।
जिले में 1265 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय और कंपोजिट स्कूल हैं। इसमें 810 प्राथमिक विद्यालय, 206 उच्च प्राथमिक विद्यालय व 249 संविलियन विद्यालय हैं। बेसिक शिक्षा विभाग परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ाई के साथ उनके स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर है। बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ अब खेलकूद में भी आगे बढ़ेंगे। शासन ने परिषदीय स्कूलों में खेल सामग्री की खरीद के लिए धनराशि जारी कर दी है। प्राथमिक विद्यालयों को पांच हजार रुपये, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालयों को 10 हजार रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से बजट जारी किया गया है। इससे परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद की गतिविधियां बढ़ेंगी।
महानिदेशक बेसिक शिक्षा अनामिका सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को खेल सामग्री का चयन व खरीद पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि खेल सामग्री की उपलब्धता के बाद स्कूलों में निर्धारित समय सारिणी के अनुसार अनिवार्य रूप से खेल की गतिविधियां कराई जाएं।
विद्यालय प्रबंध समिति खरीदेगी स्पोर्ट्स किट
शासन की ओर से स्पोर्ट्स किट खरीदने के लिए धन विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में आएगा। विद्यालय प्रबंध समिति एक समिति बनाकर स्पोर्ट्स किट खरीदेगी। किट खरीदने के बाद विद्यालय में खेलकूद की गतिविधियां नियमित कराई जाएंगी। खेल सामग्री का क्रय कर सभी प्रधानाध्यापकों को बीएसए कार्यालय को जानकारी देनी होगी, जिससे जानकारी हो सके कि धनराशि का इस्तेमाल सही मद में हुआ है।
किट में होगा यह सामान
प्लास्टिक क्रिकेट बैट दो, लकड़ी का क्रिकेट बैट एक, स्टंप एक सेट, साफ्ट बाल, टेनिस बाल, प्लास्टिक बाल 10, रग्बी बाल एक, फुटबाल एक, बास्केट बाल एक, फ्राइस्वी एक, मल्टीकलर हुआ होटस तीन, साउसर कोन-10, बीन बैग चार, स्टेप हारडिल तीन, पैराशूट डमी एक, फुटपंप बास्केट बॉल एक, रबर शाटपुट, डिस्कस रबर, फोम जैवलिन, वीन बैग स्कार्फ के साथ अन्य जरूरत की सामग्री खरीदी जाएगी।
शासन की ओर से स्पोर्ट्स किट खरीदने के लिए धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में जल्द भेजी जाएगी। विद्यालय प्रबंध समिति स्पोर्ट्स किट खरीदने के लिए समिति गठित करेगी। अगर मानक के अनुसार किट न खरीदी गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-चंदना राम इकबाल यादव, बेसिक शिक्षाधिकारी
------------------