मार्केट का गिरता छज्जा। स्रोत: वीडियो ग्रोब
बिधूना। दुर्गा मंदिर के पास स्थित दुर्गा मार्केट में मंगलवार दोपहर तेज बारिश के दौरान नगर पंचायत की जर्जर दुकानों का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। छज्जा छत के कुछ हिस्से समेत सामने लगे टिनशेड पर जा गिरा। इससे दुकानों में बैठे दुकानदारों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
दुर्गा मार्केट की दुकानें करीब 30 वर्ष पुरानी हैं। मंगलवार को करीब ढाई बजे तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान दुकान संख्या 74, 75 व 76 के सामने का जर्जर छज्जा छत के हिस्से समेत अचानक नीचे आ गिरा। नीचे ब्यूटी पार्लर और अन्य दुकानें संचालित हैं। छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर दुकानों में बैठे लोग घबरा गए और आनन-फानन में बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
दुकानदारों के मुताबिक, सामने लगे टिनशेड के कारण मलबा सीधे दुकानों के अंदर नहीं गिरा। यदि टिन शेड आगे नहीं लगा होता तो दुकानों में मौजूद ग्राहकों और दुकानदारों के ऊपर मलबा गिर सकता था और बड़ी जनहानि हो सकती थी। बारिश के कारण उस समय बाजार में भीड़ कम थी, जिससे भी हादसा टल गया। घटना की सूचना पर नगर पंचायत के कर्मचारी ने मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दुकानदारों ने नगर पंचायत से जर्जर दुकानों और छज्जों की जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।
नगर पंचायत अध्यक्ष आदर्श कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्गा मार्केट की ये दुकानें करीब 30 वर्ष पुरानी हैं और वर्ष 1992 में इनका निर्माण कराया गया था। दुकानों की छत पर दुकानदारों द्वारा साफ-सफाई नहीं की गई, जिससे कूड़ा जमा होने के कारण पानी भर गया और जर्जर छज्जे पर अतिरिक्त दबाव पड़ा। इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
अध्यक्ष ने बताया कि जर्जर दुकानों को लेकर नगर पंचायत को जानकारी मिल गई है। सभी संबंधित दुकानदारों को नोटिस देकर दुकानें खाली कराई जाएंगी। इसके बाद जर्जर छत और छज्जों को हटाकर दोबारा मजबूत तरीके से छत का निर्माण कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और दुकानदारों व ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।