शिकायत करने के बाद थाने के बाहर खड़े ग्रामीण। संवाद
अयाना। थाना क्षेत्र के गांव असेवा में सोमवार रात पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती मनाई गई। आरोप है कि बिना अनुमति के जुलूस निकाला और तेज आवाज में डीजे पर आपत्तिजनक गाने बजाने और हवाई फायरिंग की गई। ग्रामीणों ने थाने में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव असेवा निवासी नाथूराम, रघुराज और सत्यदेव समेत अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात करीब नौ बजे कुछ लोग जयंती के बहाने जुलूस निकाल रहे थे। आरोप है कि जुलूस में शामिल कई युवक लाठी-डंडे और तमंचे से लैस थे। इस दौरान डीजे पर तेज आवाज में आपत्तिजनक गाने बजाए गए और खुलेआम तमंचा लहराते हुए हवाई फायरिंग की गई, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से तहरीर दी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।