औरैया। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों व कार्यालयों की व्यवस्था परखने के लिए शासन से नामित अधिकारी तीन से सात सितंबर तक निरीक्षण करेंगे। नामित अधिकारी जिले के स्कूल व बीआरसी का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा अनामिका सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। औरैया जिले के लिए डायट प्राचार्य औरैया जीएस राजपूत को नामित किया गया है। निरीक्षण की जानकारी मिलते ही शिक्षकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नामित अधिकारी तीन सितंबर से निरीक्षण शुरू करेंगे। अलग-अलग ब्लॉक के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र के न्यूनतम 10 प्राइमरी व जूनियर स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा एक बीआरसी व एक कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण होगा। इस दौरान स्कूलों में किचन गार्डन है या नहीं, शिक्षकों के पास शिक्षक डायरी है या नहीं, मिड-डे मील मेन्यू के अनुसार दिया जा रहा है या नहीं।
इन तमाम बिंदुओ के साथ ही शिक्षा के स्तर और छात्र संख्या व उपस्थिति आदि का ब्योरा जुटाया जाएगा। निरीक्षण के समय निशुल्क पाठ्य पुस्तक, कार्य पुस्तिका की आपूर्ति, सत्यापन और वितरण की समीक्षा भी होगी। इसके अलावा मिड-डे मील, ऑपरेशन कायाकल्प, गुणवत्ता, अधिष्ठान, मिशन प्रेरणा आदि के लिए चेक लिस्ट अलग से जारी की गई है। इसकी रिपोर्ट निरीक्षण के बाद डिजिटल पर अपलोड की जाएगी। निरीक्षण के बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।