आग लगने से राख हुई गेहूं की फसल।
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र के गांव सुअटपुर में गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटों को देख आसपास के खेत मालिकों ने फसल काटकर आग को रोकने का प्रयास किया। आग से सवा बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
ब्लाक अजीतमल क्षेत्र के गांव बल्लापुर निवासी छोटे कुम्हार पुत्र श्रीनारायण के खेत पास के ही गांव सुअटपुर में हैं। बुधवार की गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस, दमकल विभाग के अधिकारियों को दी गई। किसान आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलने के 20 मिनट बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
तब तक छोटे कुम्हार के सवा बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल राख हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से खेत मालिक को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। इस संबंध में एसडीएम अजीतमल अमित राठौर ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेज कर जांच कराई जा रही है।