टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त हुई कार को देखती भीड़
- फोटो : अमर उजाला
पाता रोड पर मंगलवार की देर शाम ट्रक और कार की भिड़ंत हो गई। जिसमें कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। लोगों ने घायल कार चालक को दिबियापुर अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पाता रोड पर स्थित गांव बढ़ुआ के निकट दिबियापुर की ओर जा रही कार में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। घटना देख मौके पर पहुंचे लोगों ने क्षतिग्रस्त कार से कार चालक रंजीत गुप्ता निवासी मालतीकुंज गेल गांव गंभीरावस्था में बाहर निकाला।
इधर घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भागने लगा तो मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक को घेर लिया। जिससे ट्रक को घिरा पाकर ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग निकलने में कामयाब रहा। घटना की जानकारी मौके पर मौजूद लोगों ने थाना पुलिस और घायल के परिवारीजनों को दी। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लिया। वहीं थाना पुलिस ने बताया कि घायल की हालत गंभीर होने के चलते उसे भर्ती कराया गया। घटना की तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।