अस्पताल परिसर में हंगामा करते परिजन। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल (औरैया)। सीएचसी में प्रसव के लिए आई गर्भवती की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।
इटावा के थाना भरथना क्षेत्र के ढकपुरा निवासी रामकेश की पत्नी विनीता (38) को प्रसव पीड़ा होने पर पिता मनीराम निवासी अजीतमल ने रविवार शाम सीएचसी में भर्ती कराया था।
सोमवार तड़के विनीता की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। मामला बढ़ता देख डाक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि डाक्टरों के कहने पर सभी जांचें प्राइवेट कराईं। डाक्टरों ने कोई परेशानी नहीं बताई थी। वहीं डाक्टरों का कहना है कि उसे रात में ही रेफर किए जाने की बात कही थी, लेकिन परिजन अस्पताल में ही प्रसव कराने पर अड़े थे।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि जांचों के आधार पर एएनएम सरलेश कुमारी ने परिजनों से विनीता को सैफई ले जाने की बात कही थी। महिला के फेफड़ों में संक्रमण था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने बताया कि मृतका के नाना बटेश्वर दयाल, भाई विनय कुमार, पति रामकेश आदि ने समझौता हो जाने पर पोस्टमार्टम न कराने की बात कही है।