दिबियापुर (औरैया)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध किया, इसकी सूचना पर पुलिस ने उन्हें उनके घर पर ही नजर बंद कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम होने के बाद पुलिस उनके घर से हटी।
शनिवार सुबह कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिववीर दुबे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते उनके ही घर में पुलिस ने नजरबंद कर लिया है। उन्होंने घर में खुद को नजरबंद करने पर आपत्ति जाहिर करते हुए विरोध जताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिववीर दुबे ने बताया कि शुक्रवार की शाम पौने छह बजे पुलिस उनके घर पहुंच गई।
शनिवार को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोपहर दो बजे उनके घर से पुलिस चली गई। इस संबंध में दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक विकास राय के अनुसार पुलिस महकमे को खुफिया सूचना मिली थी कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिववीर दुबे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध और पुतला फूंके जाने की संभावना है। इस पर उन्हें घर पर ही नजरबंद कर दिया था। कार्यक्रम संपन्न होने तक पुलिस बल तैनात रहा।