औरैया। विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान और बाद में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात रखेंगे। प्रवेश और निकास द्वार पर निगरानी रखी जाएगी। हर थानाध्यक्ष के साथ एक कैमरा मैन रहेगा। वह अवांछनीय गतिविधि की रिकार्डिंग करता रहेगा।
बिना पास या अनुमति पत्र के किसी को भी मतगणना परिसर के भीतर नहीं जाने दिया जाएगा। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि धारा 144 लागू है। इसका सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। मतगणना स्थल के आसपास के 200 मीटर दायरे में किसी को भी भीड़ जुटाने की इजाजत नहीं होगी। हाईवे पर आवागमन भी बना रहेगा। इसकी दोनों लेन से वाहनों के संचालन में बाधा नहीं आने पाएगी। सभी थाना क्षेत्रों में यह व्यवस्था बनाई जा रही है कि मतगणना समाप्त होने के बाद पुलिस लगातार अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। इससे किसी भी तरह की विषय परिस्थिति से निपटा जा सके। मतगणना के बाद बवाल न हो, इसके लिए पुलिस ने खास प्रबंध किया है। जीते और हारे प्रत्याशी को सुरक्षा घेरे में घर पहुंचाया जाएगा। यह व्यवस्था संबंधित उम्मीदवार अथवा समर्थक के विवाद होने का खतरा बताने पर होगी।