सहार (औरैया)। बेला थाना क्षेत्र के सहार गांव में पत्नी के मायके से न लौटने पर पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटे ने पिता का शव फंदे पर लटका देख सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि मामाला पति पत्नी के विवाद का लग रहा है।
सहार निवासी मजदूरी करने वाले महेश बाथम (38) ने मंगलवार की देर रात अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार की सुबह जब सात साल के बेटे सौरभ ने पिता का शव फंदे से लटके देखा तो चीख पड़ा, इसके बाद घरवाले आ गए और फिर सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि महेश के परिवार में पत्नी पूजा, दो बेटे लवकुश(13), सौरभ(7) व बेटी कामिनी(9) है। दो माह पहले किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी।
इसके बाद पत्नी पूजा नाराज होकर लवकुश व कामिनी को लेकर कन्नौज के आकिन गांव स्थित मायके चली गई थी। तब से सौरभ पिता के साथ घर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक महेश का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। जिस कारण वह मायके से नहीं आ रही थी। इसको लेकर महेश परेशान रहता था। थाना प्रभारी जीवाराम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उधर, पिता की मौत से आहत मासूम सौरभ दादी शारदा देवी के पास बैठ सिसकियां भरता रहा। बुधवार दोपहर तक पत्नी गांव नहीं पहुंची थी।