बिधूना (औरैया)। क्षेत्र के आर्य नगर में बुधवार को जमीन न बेचने पर नाराज पत्नी ने बेटे और उसके दोस्तों से पति की पिटाई करा दी। इससे वह घायल हो गया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। घायल से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि घायल की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
आर्य नगर निवासी अमरीश तिवारी ने आरोप लगाया कि छोटा बेटा और पत्नी आए दिन जमीन बेंचने का दबाव बनाते हैं। उसके जमीन न बेचने की बात कहने पर बुधवार की सुबह खाना बनाने के दौरान बेटे, पत्नी समेत पांच लोगों ने कुल्हाडी, व लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर आए तो आरोपी वहां से खिसक गए।
पड़ोसियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। वहां से डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक पीड़ित की तरफ से तहरीर नहीं मिली है।