औरैया। सदर तहसील के बाहर अतिक्रमण को बुधवार को एसडीएम के आदेश पर ढहा दिया गया। कुछ लोग विरोध करते नजर आए तो पुलिस ने उन्हें कोतवाली पहुंचा दिया। हालांकि बाद में गलती मानने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
दिबियापुर रोड स्थित सदर तहसील परिसर के बाहर बुधवार को जेसीबी मशीन गरजी। इस दौरान मौजूद पुलिस ने तहसील की दीवार के अधबने हिस्से में अंदर तक रखे लोहे के खोखे को हटवाया। साथ ही तहसील की दीवार से सटाकर सड़क तक किए गए अतिक्रमण को भी ढहा दिया। अचानक से अतिक्रमण हटते देख लोगों की भीड़ सड़क पर जमा हो गई। जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
लगभग एक घंटे तक चले इस अभियान के दौरान आवागमन बाधित होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, खोखा हटते देख मौके पर मौजूद दिव्यांग द्वारा विरोध जताया गया। जिस पर पुलिस ने दिव्यांग को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
जहां अतिक्रमण हटने के बाद उसे छोड़ दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि खोखा संचालक दोनों पैरों से दिव्यांग है। यदि उच्चाधिकारियों की ओर से उसके खिलाफ कोई कार्रवाई का आदेश दिया जाएगा तो कार्रवाई की जाएगी।