बेला। बेला-बिधूना मार्ग पर उसराह मोड़ के पास प्लाट का बैनामा कर गांव लौट रहे युवक को गांव के लोगों ने घेरकर हाकी से पीट दिया। इससे वह घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक से 1.20 लाख रुपये व मोबाइल लूट लिया है।
बेला थाना पुलिस को युवक ने घटना की सूचना दी। पुलिस के कार्रवाई न करने पर पीड़ित युवक ने एसपी से शिकायत की। तब पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। बेला के पूर्वा भदौरिया गांव निवासी सहदेव सिंह ने बताया कि बुधवार को वह गांव के नरेश को बिधूना तहसील में अपने प्लाट का बैनामा करने गया था।
शाम करीब साढ़े सात बजे उसराह मोड़ से पहले पुलिया के पास चार लोगों ने उसकी गाड़ी रोक ली। इसके बाद उस पर हाकी से प्रहार कर दिया। इससे वह घायल हो गया। बकौल सहदेव हमलावर उसके 1.20 लाख रुपये व मोबाइल फोन लूटकर ले गए। किसी तरह गांव पहुंचकर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
आरोप है कि तीन बीत जाने के बाद भी थाना पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। तब शुक्रवार को उसने एसपी अभिषेक वर्मा से शिकायत की। एसपी के आदेश पर बेला थाना पुलिस ने सहदेव का सीएचसी बेला में मेडिकल परीक्षण कराया। थाने के दरोगा राजपाल सिंह ने बताया कि मामला प्लाट को लेकर है। लूट की घटना नहीं हुई है। जांच की जा रही है।