दिबियापुर (औरैया)। शिक्षक के दो अलग-अलग बैंक खातों से साइबर ठगों ने 80 हजार रुपये पार कर दिए। रुपयों की निकासी बीते तीन माह के भीतर हुई है। शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
सहार ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय भटौली में कार्यरत शिक्षक पंकज त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि उनके वेतन व बचत खाते दो अलग-अलग बैंकों की शाखाओं में हैं। उन्होंने हमेशा चेक एवं एटीएम के माध्यम से ही धन निकासी की है। कभी भी आधार कार्ड का प्रयोग नहीं किया। इसके बाद भी उनके दोनों खातों से आधार कार्ड के माध्यम से किसी ने रुपये निकाल लिए।
बताया कि दोनों बैंक खातों से 20 अक्टूबर 2021 से सात जनवरी 2022 तक अलग-अलग तारीखों में 10-10 हजार करके 80 हजार रुपये निकाले गए। जब उन्हें घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों ही बैंकों की शाखाओं में जाकर लिंक आधार नंबर को खाते से हटवा दिया। शिक्षक को संदेह है कि रुपये निकालने में किसी साइबर कैफे का भी इस्तेमाल किया गया है।
बता दें कि पिछले दिनों इसी तरह गेल में फायर कर्मी के भी दो अलग-अलग बैंक खातों से साइबर अपराधियों ने लगभग 6 लाख रुपये निकाल लिए थे। उक्त घटना में भी आधार कार्ड के प्रयोग की आशंका जताई गई थी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित शिक्षक के मामले में बैंकों में जाकर भी पूछताछ की जाएगी।