सड़क किनारे से उखड़कर पोल नीम के सहारे लटका। संवाद
- फोटो : AURAIYA
एरवाकटरा। तुर्कपुर यासीन में सोमवार को गिट्टी लादे ट्रक ने टक्कर मारकर बिजली का खंभा तोड़ दिया। खंभा टूटने की वजह से सात गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे भीषण गर्मी में पांच हजार आबादी बेहाल रही। बिजली कर्मी दिनभर मरम्मत कार्य में जुटे रहे।
एरवाकटरा क्षेत्र के तुर्कपुर यासीन में सोमवार सुबह गिट्टी लदा ट्रक सड़क किनारे लगे 11 केवी के लोहे के खंभे से टकरा गया। टक्कर लगने से पोल उखड़कर बगल में स्थित नीम के पेड़ पर जा गिरा और तार टूट गए। खंभा व बिजली के तार टूटने की वजह से तुर्कपुर यासीन, नगला बांस, जय सिंहपुर कनक, ईश्वरपुर, सिमरिया, हरनागरपुर व नगला मनभावन समेत सात गांव की बिजली गुल हो गई।
ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत विभाग में सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराई, ताकि कोई हादसा न हो। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। भीषण गर्मी में बिजली न आने की वजह से सात गांवों के करीब पांच हजार उपभोक्ता बेहाल रहे। विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता राकेश गुप्ता ने बताया कि ट्रक की टक्कर से टूटे पोल को सही कराने के लिए स्टाफ को भेजा गया है। देर रात तक लाइन चालू होने की संभावना है।