सबमर्सिबल पंप चलने के बाद पाइप लगा पानी भरते लोग। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल। नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल के आंबेडकर नगर में स्थित पानी की टंकी की मोटर खराब होने से तीन दिन सेे पांच मोहल्लों की 18 हजार की आबादी परेशान है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते अधिकारी छुट्टी पर रहे तो मिस्त्री भी काम पर नहीं आए। ऐसे में मोहल्ले के लोग पानी के लिए भटकते रहे, वहीं कुछ लोगों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर जरूरतमंदों को पानी दिया।
आंबेडकर नगर स्थित पानी की टंकी से आंबेडकर नगर के साथ ही आर्य नगर, गांधी नगर, राजीव नगर व आजाद नगर में पानी की सप्लाई की जाती है। इस पानी की टंकी पर करीब 18 हजार की आबादी निर्भर है। गुरुवार शाम को पानी की टंकी की मोटर बालू व मिट्टी जम जाने के कारण खराब हो गई थी। जिसे रविवार तक सही नहीं कराया जा सका। शुक्रवार व शनिवार को नगर पंचायत के अधिकारियों ने पानी की मोटर को सही करवाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन वह सही नहीं हो सकी।
रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते अधिकारी छुट्टी पर रहे तो मिस्त्री भी काम पर नहीं आए। कुछ हैंडपंपों पर पानी के लिए लोगों की भीड़ रही। वहीं, मोहल्ले के जिन लोगों के घर में सबमर्सिबल पंप लगा है, उन लोगों ने पंप चलाकर जरूरत मंद लोगों की मदद कर उनको पानी उपलब्ध कराया। नगर पंचायत के टैंकर सुबह नौ बजे के बाद मोहल्लों में पहुंचे।
नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल के अधिशाषी अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि मोटर सही कराने के लिए ग्वालियर से सामान मंगवाया गया है। सामान लेने कर्मचारी गए है। सोमवार को आवश्यक सामान आने पर मोटर की मरम्मत कार्य शुरू की जाएगी। उम्मीद है कि सोमवार को मोटर ठीक हो जाए और लोगों को पानी मिलें।
आर्य नगर में लगा खराब हैंडपंप, सही होता तो आज यह पानी संकट होने पर काम आता। संवाद- फोटो : AURAIYA