औरैया। मोहल्ला निझाई में एक सप्ताह से पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों का धैर्य मंगलवार को टूट गया। आक्रोशित लोगों ने नगर पालिका परिषद पहुंचकर अधिशासी अधिकारी का घेराव किया। समाधान न होने पर धरने की चेतावनी दी है।
निझाई के लोग वार्ड सभासद करुणा गुप्ता के नेतृत्व में ईओ बलवीर सिंह का घेराव करने पहुंचे। मोहल्ला निवासी एकता गुप्ता, मनोज अग्रवाल, संगीता गुप्ता, विनम्र सेन अग्रवाल, स्वतंत्र सेन अग्रवाल, अनुराधा अग्रवाल, मुकेश पुरवार, चक्रसेन अग्रवाल, रति अग्रवाल, सुधीर शुक्ला आदि ने बताया कि उनके मोहल्ले में एक साल से पानी की समस्या है।
लेकिन एक सप्ताह से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। कई बार शिकायत दर्ज कराई पर समाधान नहीं किया गया। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द घरों तक पानी न पहुंचा तो पालिका परिषद में धरना देंगे।
मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर संबंधित ट्यूबवेल के ऑपरेटरों को बुलाकर समस्या का निदान करने के निर्देश दिए हैं। एक-दो दिन में समस्या पूरी तरह से दूर होगी। - बलवीर सिंह, ईओ नगर पालिका परिषद