औरैया। विधानसभा चुनाव के चलते यात्रियों को रोडवेज बसों के लिए मारामारी करनी पड़ रही है। घंटों इंतजार के बाद बस मिल रही हैं। उनमें भी भीड़ अधिक होने की वजह से यात्रियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
तीसरे चरण में 20 फरवरी को जिले में मतदान हुआ। मतदान के बाद सोमवार को फिर से लोग अपने कामों, रिश्तेदारों के घरों व जरूरी कामों पर जाने के लिए निकले। मगर, लोगों को घंटों इंतजार के बाद ही रोडवेज बसें मिलीं।
उनमें भी भीड़ अधिक होने की वजह से कुछ यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। इन सब के बीच सबसे अधिक परेशानी महिलाएं व बच्चों को करनी पड़ी। सीट खाली न होने की वजह से उनको भी खड़े होकर ही यात्रा करनी पड़ी। कानपुर व दिल्ली की ओर जाने वाले यात्री परेशान दिखे।
औरैया डिपो में जो बसें खड़ी थीं वह पुलिस कर्मियों के लिए रिजर्व थीं। इस बात का पता जब यात्रियों को चला तो वह देवकली चौराहा पर बस पकड़ने के लिए पहुंचे। लेकिन यहां भी घंटों तक खड़े रहने के बाद यात्रियों को बसें मिलीं।
इस दौरान ऑटो, टेंपो, मैजिक व प्राइवेट बस के चालकों की चांदी रही। रोडवेज बसें न आने व जल्दी काम पर पहुंचने के लिए यात्रियों को इन प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ा। इसके लिए यात्रियों को जेब भी ज्यादा ढीली करनी पड़ी। वहीं, जालौन चौराहे पर भी लोग बसों के लिए परेशान रहे। इसके साथ ही कुछ लोगों ने ट्रकों का भी सहारा लिया।
धक्का देकर स्टार्ट की गई बस
जिले में चुनाव ड्यूटी पर आए पुलिस कर्मी यहां का चुनाव संपन्न कराने के बाद सोहराब गेट डिपो की बस से उन्नाव जाने के लिए बस पर चढ़े। चालक ने बस स्टार्ट करने का प्रयास किया लेकिन वह चालू नहीं हो सकी। उन्नाव पहुंचने पर देर न हो इसके लिए पुलिस कर्मी बस से नीचे। चालक के कहने पर बस में धक्का लगाया। इसके बाद बस चालू हुई और सिपाही उसमें सवार होकर उन्नाव रवाना हुए।