फोटो- 26एयूआरपी-3- अयाना पशु चिकित्सालय का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम विजेता। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अयाना(औरैया)। एसडीएम अजीतमल ने गुरुवार को पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सालय में ताला लटका मिला और चिकित्सक नदारद थे। एसडीएम ने चिकित्सक से स्पष्टीकरण तलब कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजे जाने की बात कही है।
गोशाला में बीमार गोवंशों को समय से देखने न पहुंचने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर एसडीएम विजेता और कानूनगो कृष्णवीर सिंह ने गुरुवार को दोपहर लगभग एक बजे अयाना पशु चिकित्सालय पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान वहां ताला लटका मिला। अस्पताल परिसर में बड़ी-बड़ी घास उगी नजर आई। साथ ही हर ओर गंदगी फैली थी। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए पशु चिकित्सक को फोन लगाया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
अस्पताल से नदारद मिले डॉ. कमलकांत के बारे में लोगों ने बताया कि वह कभी-कभी अस्पताल आते हैं। अस्पताल आने वाले किसानों को पशुओं के लिए न तो दवाएं मिल पा रही है और ना ही समय से इलाज। एसडीएम विजेता ने बताया कि अनुपस्थित मिले चिकित्सक से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।