दिबियापुर। कस्बे के बाबू दयाराम नगर में गुरुवार को जिला प्रशासन ने जेसीबी से सरकारी भूमि से अवैध निर्माण को ढहा दिया। इस जमीन पर पक्के निर्माण कर लिए गए थे। इस दौरान लोगों की प्रशासन से नोकझोंक भी हुई। कार्रवाई के दौरान दिबियापुर पुलिस फोर्स तैनात रही। अब इस जमीन पर पार्क बनाया जाएगा।
कस्बे के बाबू दयाराम नगर में सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने पक्के निर्माण करा लिए थे। शिकायत पर प्रशासन की ओर से नोटिसें भी जारी की गई थीं। बावजूद कब्जेदारों ने न तो इसे गंभीरता से लिया और न ही कब्जे ही हटाए। ऐसे में गुरुवार को नगर पंचायत की ओर से बाबू दयाराम नगर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान में टीम ने जेसीबी से पक्के अवैध निर्माण ध्वस्त कराए। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विनय पांडेय ने बताया कि करीब 20 डिसमिल जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया है। खाली कराई गई जमीन को नगर पंचायत को सौंप दिया गया है। नगर पंचायत इस जगह में पार्क का निर्माण कराएगी। अभियान के दौरान सदर एसडीएम राकेश कुमार, तहसीलदार रणवीर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।