औरैया। उर्वरक दुकानों में स्टाक जांचने के लिए गुरुवार को जिले में अधिकारियों की टीम ने छापा मारा। दो दुकानों पर स्टॉक में अंतर मिलने पर नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया जबकि पांच दुकानों में नमूने भरे गए।
उप कृषि निदेशक डा. अशोक तिवारी, जिला उद्यान अधिकारी अनृूप चौधरी, जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबधंक सहकारिता कमलाकांत मिश्रा ने अजीतमल, बिधूना और औरैया तहसील क्षेत्र की 31 खाद्य दुकानों पर छापा मारा। टीम ने सहकारी समितियों में इफको, कृभको कंपनी के उर्वरकों के विक्रय दर व एमएफएमए (पॉस मशीन) में प्रदर्शित स्टॉक की जांच की। इस दौरान दिबियापुर की दो, अजीतमल में एक व बिधूना में दो दुकानों से नमूने लिए गए।
पॉस मशीन के अनुसार भौतिक रूप से स्टाक में दो दुकानों में अंतर दिखा। जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि टीम ने जिले की सभी तहसील क्षेत्रों में छापा मारा। स्टाक में अंतर मिलने पर दो लोगों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।