तहसीलदार (सदर) रामनयन ने प्रशासनिक अमले के साथ पहुंचकर नगर पंचायत को उसकी भूमि पर कब्जा दिलाया। राजस्व अधिकारियों ने नापजोख की। नगर पंचायत ने चारदीवारी बनाना शुरू कर दिया।
रविवार सुबह तहसीलदार सदर रामनयन राजस्व कर्मियों को लेकर विकास कुंज पहुंचे। कानूनगो केशव कुमार की मौजूदगी में राजस्वकर्मियों ने नगर पंचायत की भूमि की नाप जोख की। नापी गई जमीन का चिन्हीकरण कर खुदाई प्रारंभ कर दी और यहां दीवार बनाना शुरू कर दिया।
नगर पंचायत के ईओ महेश चंद्र उपाध्याय का कहना है कि लगभग छह फुट ऊंची चारदीवारी बनवाई जाएगी। ताकि कोई भी नगर पंचायत की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास न करे।
इस दौरान तहसीलदार रामनयन, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी महेश चंद्र उपाध्याय, नगर पंचायत अध्यक्ष पति सुखलाल गुप्ता, वरिष्ठ लिपिक नरेंद्र सिंह राजावत, कानूनगो केशव कुमार, लेखपाल वीरेंद्र प्रजापति, उप निरीक्षक आशाराम, उपनिरीक्षक हरीशंकर आदि समेत खासी संख्या में नगर पंचायत दिबियापुर के कर्मचारी मौजूद रहे।
बता दें कि पिछले दिनों कुछ लोगों ने इस जमीन मिट्टी डालकर कब्जे का प्रयास किया था। इस मामले में तीन के खिलाफ अभियोग पंजीकृत हो चुका है। यह जमीन डीएम द्वारा मुख्यमंत्री के जल बचाव योजना के लिए चयनित है और यहां सुंदरीकरण प्रस्तावित है।
दो दिन पूर्व नगर पंचायत दिबियापुर की विकास कुंज कालोनी के पीछे एवं पानी टंकी के बीचोंबीच स्थित भूमि संख्या 310 रकवा 2.70 एकड़ भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा करने को मिट्टी डलवाई। प्रशासनिक सख्ती के कारण तीन आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया।
तेजी से होगा सौंदर्यीकरण का काम - दिबियापुर ( औरैया )। नगर पंचायत भूमि पर कब्जा मिलने के बाद अब इस पर सुंदरीकरण का काम तेजी से कराएगी। अधिशासी अधिकारी महेश चंद्र उपाध्याय के अनुसार इसके लिए जेई को इस्टीमेट आदि बनाने के लिए कह दिया गया है।
मुख्यमंत्री के जल बचाव योजना के तहत सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्तावित भूमि के नक्शे पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि बीच में तालाब एवं आसपास सड़क बनाई जाएगी।
तालाब में साफ पानी भरने एवं ड्रेनेज का इंतजाम होगा। तालाब के चारों किनारों पर दूधिया रोशनी वाली लाइटें लगवाना प्रस्तावित है। इसके बनने से सुबह मार्निंग एवं शाम वाक करने वालों को सहूलियत मिलेगी।