औरैया। तहसील व जिला स्तर पर होने वाली सांसद खेल स्पर्धा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को सांसद ने अधिकारियों के साथ बैठक की। तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। हालांकि अभी आयोजन की तिथि तय नहीं की गई है। सांसद ने कहा कि इस प्रतियोगिता से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाएं निखरेंगी।
बैठक में सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि खेलों के विकास, स्वस्थ समाज के निर्माण, खेलों के प्रति युवाओं में उत्साह का संचार के लिए सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाएं निखरेंगी। सांसद खेल स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना। खेल स्पर्धा में खेलों को बढ़ावा देने के लिए तहसील स्तरीय व जिला स्तरीय एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, दौड़, क्रिकेट, कुश्ती आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
सांसद ने जिला युवा कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं को इस खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराएं। सफल आयोजन हेतु मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि सभी प्रतियोगिताओं के आयोजन में सभी आयोजन स्थल पर सभी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं। आयोजन स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई, टॉयलेट, ग्लूकोस, हल्के नाश्ते की व्यवस्था की जाए। साथ ही कहा कि प्रतियोगिता में अच्छा खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को 27 नवंबर को पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, बिधूना विधायक विनय शाक्य आदि मौजूद रहे।