दिबियापुर (औरैया)। नगर पंचायत दिबियापुर की बोर्ड बैठक शुक्रवार को हुई। बैठक में 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव पास हुए। सीमा विस्तार कर दिबियापुर से सटी विकास कुंज कालोनी, गेल, एनटीपीसी कालोनी के साथ कई गांवों को नगर पंचायत में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया।
नगर पंचायत चेयरमैन अरविंद पोरवाल, ईओ मोनिका उमराव व सभासदों की मौजूदगी में हुई बैठक में दस करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों पर मुहर लगाई गई। बैठक के बाद नगर पंचायत चेयरमैन अरविंद पोरवाल ने बताया कि बैठक में तय हुआ कि नगर के प्रत्येक चौराहे तिराहे पर हाईमास्ट लाइटें एवं रेलवे फ्लाईओवर पर लाइटें लगवाई जाएंगी।
कूड़ा निस्तारण के लिए सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट के अंतर्गत मशीनें लगाईं जाएंगी। इसके साथ ही दिबियापुर नगर की सीमा विस्तार पर भी सहमति बनी। तय हुआ कि दिबियापुर के आसपास के लोगों को नगर पंचायत की सुविधाएं दीं जाएगीं। विकास से अछूते विकासकुंज को नगर पंचायत में शामिल करके विकास कार्य कराने पर सहमति बनी। गेल एनटीपीसी कालोनियों को भी नगर पंचायत में शामिल किया जाएगा।
नगर पंचायत की आमदनी बढ़ाने के लिए वाहन स्टैंड, होर्डिंग बैनर का ठेका उठाया जाएगा। सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए शासन के निर्देशानुसार आउटसोर्सिंग कर्मियों की नई भर्ती की जाएगी। ईओ मोनिका उमराव, वरिष्ठ लिपिक नरेंद्र सिंह राजावत, सभासद मधु गुप्ता, मालती देवी, गीता देवी, रेखा देवी, साधना सिंह, रानी देवी, रजत यादव, अखिलेश बाथम, रवि कुमार, प्रमोद पाल, प्रदीप कुमार, सचिन गुप्ता, राहुल दीक्षित, प्रवीण कुमार समेत 14 सभासद मौजूद रहे।