औरैया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सप्ताह 24 जनवरी से शुरू हो रहा है। गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की तैयारी की समीक्षा की गई। इस दौरान सप्ताह भर होने वाली गतिविधियों को लेकर नामित नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गईं।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी आवेश कुमार सिंह ने बताया कि 24 जनवरी को तिलक महाविद्यालय स्टेडियम में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें 23 व 24 जनवरी को जन्म लेने वाली बालिकाओं को बेटी किट का वितरण एवं बालिकाओं के नाम पौधरोपण किया जाएगा। 25 जनवरी को सभी ग्राम पंचायतों में लिंगानुपात बढ़ाए जाने पर परिचर्चा एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का प्रचार किया जाएगा। 27 जनवरी को जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली जाएगी एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं द्वारा डोर टू डोर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, 100 शय्या चिकित्सालय में जन्म लेने वाली बेटियों के अभिभावकों को बेबी किट एवं गौरव सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा। 28 जनवरी को विकासखंड स्तर के सरकारी एवं प्राइवेट विद्यालयों में लड़कियों के बीच पोस्टर, स्लोगन, राइटिंग, ड्राइंग, पेंटिंग की प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी।
29 जनवरी को विद्यालय और ग्राम पंचायत स्तर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, स्ट्रीट प्ले, फिल्म शो, कठपुतली नृत्य, लोक गीत का आयोजन किया जाएगा। अंतिम दिन 30 जनवरी को विकास भवन सभागार में ब्रांड एंबेसडर, बाल मित्र ग्रामसभा, समाज सेवक, बाहरी स्वयं सेवी संगठन आदि का जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने समस्त नोडल अधिकारियों के निर्देश दिए कि वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान में अच्छा कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाए। विकासखंड स्तर पर न्यूनतम दो बालिकाओं को ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएं। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई गई।