फोटो 25एयूआरपी10- दवा काउंटर पर बहस करते तीमारदार
- फोटो : AURAIYA
औरैया। मौसम में बदलाव से लोग तरह-तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में इन दिनों सर्दी, खांसी जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को छह सौ मरीज आए। मंगलवार को इनकी संख्या सात सौ पहुंच गई। जानकारी मिली है कि ओपीडी में रोजाना औसत दो सौ से तीन मरीज आते थे। इधर एक सप्ताह में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में उतार चढ़ाव से लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. शिव मोहन वर्मा ने बताया कि खांसी जुकाम, वायरल फीवर के मरीजों की संख्या अधिक है। मौसम बदलने से बच्चों पर ज्यादा असर पड़ रहा है। डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए।
उनकी सलाह है कि ठंड से बचें, ठंडी चीजों का इस्तेमाल न करें। स्वास्थ्य बिगड़ने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें, जिससे समय पर इलाज हो सके। वहीं, डॉक्टरों की कमी को देखते हुए प्रभारी सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने 50 शय्या युक्त जिला अस्पताल में डॉ. देवेंद्र राजावत को तैनात किया है, जिससे मरीजों को दिक्कत न हो सके।
औरैया। जिला अस्पताल में मंगलवार को मरीजों की संख्या बढ़ने से पर्चा व दवा काउंटर पर कई मर्तबा धक्कामुक्की की स्थिति बनी। इस बीच कुछ मरीज व तीमारदार झगड़ा करने पर भी आमादा दिखे। बात बढ़ने पर अस्पताल प्रशासन ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया। दवा वितरण के लिए महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग काउंटर बना हुआ है। भीड़ के चलते महिलाओं को दवा लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। सीएमएस डॉ. लाखन सिंह ने बताया कि व्यवस्था को सुचारू रूप से चल रही है। दवा की कोई कमी नहीं है।
पचास शय्या युक्त जिला अस्पताल में महिला डॉक्टर सहित 14 डॉक्टर तैनात है। शासन की ओर से तैनात किए गए डॉ. संतोष गुप्ता करीब तीन महीने से नदारद हैं। फिजीशियन डॉ. देवोपम राय दिसंबर 2019 से नहीं आ रहे है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. लाखन सिंह ने बताया कि अस्पताल से नदारद रहने वाले डॉ. संतोष गुप्ता की सूचना शासन को भेजी जा चुकी है। डॉ. देवोपम राय इस्तीफा दे चुके हैं।