बिधूना (औरैया)। दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
बिधूना कोतवाली के सबहद निवासी तेजसिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने पुत्री ललिता की शादी तीन वर्ष पहले लालजीत पुत्र बलवीर निवासी सुल्तानपुर कलां इटावा के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद से ससुरालीजन दहेज में एक बाइक व 50 हजार रुपये अतिरिक्त मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।
इस बात की शिकायत जब बेटी ने की तो रिश्तेदारों के बीच बातचीत भी हुई। लेकिन इसके बाद भी बेटी का ससुराल में उत्पीड़न जारी रहा। आरोप है कि विगत 25 जुलाई को बेटी को ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। तहरीर पर पुलिस ने पति लालजीत, सास सरोज, ननद लवली, ननदोई सत्यप्रकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।