मोहल्ले वालों से पूछताछ करते सीओ सिटी सुभाष अत्री
- फोटो : amar ujala beuro
शहर के मोहल्ला दिल्ली दरवाजा में संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की आग से जलकर मौत हो गई। मृतका की शादी पांच माह पहले हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मायके पक्ष को मामले की सूचना दी है। पुलिस ने पति, सास और ससुर को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जालौन जिले के बगौरा गांव निवासी डॉली (20) पुत्री सुरेश की शादी दिसंबर 2015 में जिले के दिल्ली दरवाजा निवासी राम के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही डॉली अपने मायके चली गई। पिछले महीने वह ससुराल लौटी थी। बुधवार शाम नवविवाहिता डॉली की संदिग्ध हालात में आग से जलकर मौत हो गई। मोहल्ले वालों की मानें तो डॉली के चीखने की आवाज सुनकर ससुरालीजनाें ने आग बुझाने का प्रयास किया।
लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी नन्हेलाल यादव व निझाई चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सिंह ने मोहल्ले वालों से पूछताछ की। मृतका के परिजनों को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी सुभाष अत्री मौके पर पहुंचे। उन्होंने कोतवाली प्रभारी को मायके पक्ष के आ जाने के बाद दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ सिटी ने कोतवाली प्रभारी नन्हेलाल यादव को पति राम, ससुर गोविंद और सास को हिरासत में रखने के निर्देश दिए हैं। सीओ सिटी सुभाष अत्री ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष के आ जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पति, सास और ससुर को हिरासत में ले लिया गया है।