अजीतमल (औरैया)। पाता प्लांट से सामान लेकर दिल्ली जा रहे ट्रक चालक के साथ बाइक सवार चार बदमाशों ने मारपीट कर मोबाइल व नगदी लूट ली। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
इटावा के नगला खरगोली थाना सिविल लाइंस निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र बड़ेलाल शनिवार देर रात पाता प्लांट से ट्रक से सामान लेकर दिल्ली जा रहा था। प्रतापपुर ओवरब्रिज के समीप अमावता मोड़ के पास दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। ट्रक से खींचकर मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने जितेंद्र से मोबाइल तथा 20 हजार रुपये लूट लिए।
किसी तरह जितेंद्र ने हाईवे पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर किया जाएगा।