औरैया। बैंक में रुपये जमा करने जा रहे युवक को अछल्दा-बिधूना मार्ग पर बाइक सवार लुटेरों ने रोक लिया और तमंचे के बल पर 68 हजार रुपये लूट लिए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रुरुकला निवासी प्रशांत कुमार शाक्य गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे अपने गांव से इटावा जिला सहकारी बैंक अछल्दा 68 हजार रुपये जमा करने जा रहे थे। जैसे ही वह अछल्दा-बिधूना मार्ग पर पेट्रोल पंप व श्री आत्माराम डिग्री कॉलेज के बीच पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने बराबर पर पहुंचकर उनके ऊपर तमंचा तान दिया और बाइक रुकवा दी।
फिर उन्होंने प्रशांत के पास झोले में रखे 68 हजार रूपये छीन लिए। बिधूना की ओर से कुछ लोगों को आता देख लुटेरे मौके से भाग निकले। पीड़ित ने थाने पहुंच पलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी तारिक खान ने बताया मामले की जांच की जा रही है।