औरैया। शहर में कई जगह पाइप लाइन लीकेज होने से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सदर तहसील परिसर, पक्का तालाब और लिंक रोड के पास यही स्थिति है। इससे प्रशासन का जल संरक्षण का दावा भी फेल हो रहा है। लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लोगों का कहना है कि लीकेज के कारण हाल में बनीं सड़कों पर भी गड्ढे हो गए हैं। उन्होंने समस्या के समाधान की मांग की है। जिम्मेदार लीकेज पाइप लाइनों के चिह्नित होने और जल्द ठीक कराने की बात कह रहे हैं।
सड़क पर गड्ढे हो गए
शहर के बघाकटरा स्थित पक्का तालाब के पास पाइप लाइन करीब छह माह से लीकेज पड़ी है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पालिका प्रशासन को कई बार जानकारी दी जा चुकी है। पीडब्ल्यूडी ने पिछले दिनों इस सड़क का डामरीकरण कराया था, लेकिन पाइप लाइन लीकेज होने से सड़क पर गड्ढे हो गए हैं।
परेशानी की हो रही अनदेखी
बघाकटरा-पढ़ीन दरवाजा स्थित लिंक रोड के एक तरफ पाइप लाइन लंबे समय से लीकेज है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी ने करीब तीन माह पहले सड़क दुरुस्त कराई थी। लीकेज के कारण सड़क फिर उखड़ने लगी है। परेशानी पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
दुरुस्त होने की छोड़े चुके उम्मीद
गोविंद नगर निवासी प्रवीण ने कहा कि पाइप लाइन दुरुस्त होने की उम्मीद छोड़ चुके हैं। पिछले दिनों ही पीडब्ल्यूडी ने सड़क का डामरीकरण कराया है। पाइप लाइन में लीकेज से सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है।
जल संरक्षण की मुहिम को लगा झटका
गोविंद नगर निवासी रामजी ने कहा कि जलापूर्ति के समय इस सड़क पर निकलना मुश्किल हो जाता है। प्रशासन की जल संरक्षण की मुहिम को भी इससे झटका लगा है। प्रतिदिन हजारों लीटर पानी नाली में बहकर बर्बाद हो रहा है।
वर्जन
क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को चिह्नित कर लिया गया है। जलकल अभियंता को शीघ्र इन लीकेज पाइप लाइनों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। - बलवीर सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद