शहीद दिवस 12 अगस्त को यादगार बनाने को भारत प्रेरणा मंच की ओर से मनाए जा रहे शहीद स्मृति सप्ताह क्रम में मंगलवार को फफूंद रोड पर स्थित श्रीमती मनोरमा महाविद्यालय में छात्रों के कैरियर गाइडेंस प्रदान करने को मोटिवेशन क्लास आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को सफलता पाने के मूल मंत्रों से परिचय कराया गया।
मोटिवेशन क्लास का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर आयुक्त (प्रशासन) आत्माराम सागर, विशिष्ट अतिथि डिप्टी कलेक्टर प्रदीप वर्मा व उत्कर्ष अकादमी कानपुर की प्रबंध निदेशक अलका दीक्षित ने संयुक्त रूप से किया।
डिप्टी कलेक्टर प्रदीप वर्मा ने अपने छात्र जीवन के संस्मरण सुनाते हुए सफल होने के राज छात्र-छात्राओं से शेयर किया। कहा कि लक्ष्य निर्धारण और उस ओर लगन से किए गए प्रयास से सफलता निश्चित प्राप्त होती है। विशिष्ट अतिथि अलका दीक्षित ने सिविल सर्विसेज की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
भारत प्रेरणा मंच के महासचिव अविनाश अग्निहोत्री ने शहीद स्मृति सप्ताह और शहीद दिवस को लेकर छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। संस्था अध्यक्ष डा. अजय कुमार शुक्ल ने संस्था के बारे में जानकारी दी।
महाविद्यालय प्रबंधक रमाकांत अवस्थी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर सौरभ भूषण शर्मा, पार्थसारथी पांडेय, भीमसेन सक्सेना, महेंद्र दुबे, गिरजेश अवस्थी आदि मौजूद रहे।
संगीत संध्या सात बजे से - औरैया। शहीद स्मृति सप्ताह कार्यक्रम के क्रम में बुधवार को शहीद दिवस की संध्या पर संगीत कार्यक्रम आयोजित होगा। संगठन अध्यक्ष डा. अजय शुक्ला ने बताया कि संगीत संध्या में महामाई फिल्म प्रोडक्शन के कलाकार अपने गीतों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।