बिधूना। ग्राम पंचायत असजना के गांव पुर्वाबड़े में मंगलवार को आरोग्यम स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर दवा दी।
मेला में 70 वर्ष आयु लोगों 19 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। मरीजों को लू से बचने के लिए जरूरी जानकारी दी गई। 387 मरीजों ने जांच करवाकर दवाएं लीं।
शिविर में चिकित्सा विभाग के अलावा पशुपालन विभाग, आयुर्वेदिक विभाग होम्योपैथिक, नेत्र चिकित्सा, बाल विकास पुष्टाहार विभाग के स्टॉल लगाए गए। डॉक्टरों की टीम ने आसपास के गांव से आए खांसी, जुकाम, बुखार, खुजली और सर्दी से पीड़ित मरीजों और गर्भवतियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं दीं।
लोगों को बताया गया कि धूप से बचें, लू उन्हें बीमार कर सकती है। तेज धूप में घर से बाहर न रहें। पानी पीते रहें, खाली पेट न रहें। वहीं, शिविर में नेत्र के मरीजों को बीपी व शुगर जांच करने की सलाह दी गई।
ग्रामीणों को परिवार नियोजन की भी जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य जांच में कई दिनों से खांसी से पीड़ित चल रहे लोगों को बलगम और एक्सरे के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना रेफर किया गया।
बिधूना सीएचसी अधक्षीक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि प्रदेश सरकार के तहत न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कई मरीज पहुंचे। सभी की जरूरी जांच कर उन्हें दवा दी गईं। बीमारी से बचाव की जानकारी भी दी गई।
अस्पताल में भटके मरीज, इमरजेंसी कक्ष में चली ओपीडी
बिधूना। आरोग्यम मेला के चलते सीएचसी बिधूना में ओपीडी नहीं हो सकी। इससे अस्पताल में पहुंचे मरीजों को भटकना पड़ा। मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखकर अलग से इमरजेंसी कक्ष में ओपीडी लगाई गई।
यहां डॉ. विकास मिश्रा व विवेक ने मरीजों का इलाज किया। सीएचसी में मंगलवार को करीब 249 से अधिक मरीज अस्पताल में इलाज करने पहुंचे। शिविर के चलते डाॅक्टर सीएचसी की ओपीडी में नहीं बैठ पा रहे हैं।
ऐसे में मरीजों की भीड़ के चलते काफी देकर तक इलाज का इंतजार करना पड़ रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि डाॅक्टर की ड्यूटी शिविर में लगी है। डॉ. विकास मिश्रा व अन्य स्टाफ की मदद से अस्पताल में मरीजों को देखा गया। (संवाद)