दिबियापुर। नगर पंचायत दिबियापुर के बोर्ड गठन का एक वर्ष पूरा होने पर चेयरमैन राघव मिश्रा एवं सभासदों ने बैठक की। अध्यक्ष एवं सभासदों ने कहा कि अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं होगी, जल्द ही नगर पंचायत द्वारा निर्धारित पार्किंग दरों के हिसाब से शुल्क वसूली की जाएगी।
बुधवार को नगर पंचायत दिबियापुर कार्यालय में हुई बैठक में अध्यक्ष राघव मिश्रा ने सभासदों से वार्डों की समस्याओं पर चर्चा की। कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण जो निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, उन्हें जल्द पूरा कराया जाएगा। बताया कि संबंधित ठेकेदारों को समय से काम पूरे करने के लिए निर्देशित किया गया है।
उन्होंने सफाई, मार्ग प्रकाश और पेयजल आपूर्ति को और बेहतर बनाने का भरोसा दिया। उन्होंने नगर पंचायत के तीन शव रखने वाले डीप फ्रीजर में से दो खराब पड़े डीप फ्रीजर को जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। शास्त्री नगर के सभासद इंद्रपाल सिंह द्वारा बरसात के समय वार्ड में जलभराव होने की आशंका जताई गई।
विधायक प्रतिनिधि अजय पोरवाल ने जलनिगम द्वारा बिछाई जा रही पेयजल पाइप लाइन से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और नालियों का मुद्दा उठाया गया। अध्यक्ष ने बताया कि जलनिगम को नई लाइनों के लिए खुदाई करने के लिए रोका गया है। पहले से खोदकर खराब की गई सड़कों और नालियों की मरम्मत पर जोर दिया जा रहा है। बैठक में अध्यक्ष राघव मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि अजय पोरवाल, धर्मपाल सिंह सेंगर, इकरार खान, ऋषि पोरवाल, राहुल आंबेडकर आदि सभासद मौजूद रहे।