औरैया। सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को टप्पेबाजी कर दुकान से माल पार करने के मामले में पकड़ी गई महिला को जेल भेज दिया है। उसने पांच अन्य महिलाओं के नाम भी बताए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। उनकी तलाश जारी है।
शहर के मोहल्ला गुमटी निवासी आशीष कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 13 अगस्त की दोपहर लगभग तीन बजे छह महिलाएं उसकी दुकान पर आईं और कुर्ती दिखाने के लिए कहा। वह दुकान पर काम करने वाले रोहित यादव के साथ दूसरे ग्राहकों को कपड़े दिखा रहे थे। इस बीच महिलाएं दुकान से मोबाइल, 14 बनियान तथा चार कुर्ती चोरी कर भाग गईं। मोबाइल गायब देखकर उन्हें शक हुआ तो पीछा कर तहसील के पास एक महिला को पकड़ लिया था।
पुलिस ने आरोपी महिला प्रिया से पूछताछ की तो उसने रचना, खुशबू, गोल्डी, रोशनी व अंजली निवासी फकीरे पुर्वा थाना सहायल के नाम भी बताए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि प्रिया को जेल भेज दिया गया है।