औरैया। टीकाकरण अभियान में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए 30 सेंटरों पर अभियान चलाया गया है। मगर लाभार्थियों की संख्या बीते दिनों की अपेक्षा कम देखने को मिली। विभागीय अधिकारियों ने लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
जिले में टीकाकरण का लक्ष्य बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सख्त है। तीन दिन पहले जिले की समीक्षा में लक्ष्य बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद भी जिले में टीकाकरण कराने वाले केंद्र पर नहीं पहुंच रहे हैं। टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. देव नरायन ने बताया कि बुधवार को जिले में सिर्फ 30 सेंटर ही संचालित किए जा सके। इन सेंटरों के स्लाट मंगलवार की रात ही खोले गए थे। लाभार्थियों में टीकाकरण कराने को लेकर अब पहले जैसा उत्साह नहीं दिख रहा है। बताया कि संचालित किए गए 30 सेंटरों पर कुल 1677 लाभार्थी पहुंचे।
जिले में अब टीकाकरण कराने वाले कुल लाभार्थियों की संख्या आठ लाख 19 हजार 934 जा पहुंची है। जिसमें पहली डोज लगवाने वाले लाभार्थियों की संख्या छह लाख 21 हजार 870 और दोनों डोज लगवाने वाले लाभार्थियों की संख्या एक लाख 98 हजार 64 जा पहुंची है। बताया कि टीमों को निर्देशित किया गया है कि वह दूसरी डोज से वंचित लोगों को जानकारी दें और उन्हें वैक्सीन लगवाएं। जिले में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग के पास है।