औरैया। जिले में डेंगू कहर बरपा रहा है। गांवों में लोग बुखार से तड़प रहे हैं। जिनका घरों में इलाज हो रहा है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस प्रबंध नहीं किए जा रहे हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग को सैफई मेडिकल कालेज में एक पांच वर्षीय बालक की मौत व एक डेंगू संक्रमित होने की रिपोर्ट मिली। जिसके बाद से महकमे हड़कंप मचा है।
एक महीने से जिले के 50 से अधिक गांवों में लोग बुखार से पीड़ित हैं। कई गांवों में लगातार बीमार मिल रहे हैं। मंगलवार को अयाना के दासपुर और बरमूपुर में बीमारी की सूचना मिली। जिस पर स्वास्थ्य टीमें गांव पहुंचीं। दोनों ही गांव में लगभग एक सैकड़ा से अधिक मरीजों का टीम ने इलाज किया। जिसमें से कुछ मरीजों के मलेरिया, डेंगू व कोरोना संक्रमण की जांच की गई। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को सैफई मेडिकल कालेज से जो रिपोर्ट मिली है।
उसमें भीखमपुर निवासी रामदत्त के पुत्र शिवम (5) की डेंगू से मौत होने की जानकारी मिली। उसे चार नवंबर से लगातार बुखार आ रहा था। जिसकी जांच कराए जाने पर रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई। इलाज के दौरान ही उसकी सैफई में मौत हुई है। इधर दासपुर आयाना में एक 30 वर्षीय युवक डेंगू संक्रमित मिला है। सीएमओ ने बताया कि दोनों गांव में स्वास्थ्य टीम भेजी गई है। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को बीमारी को देखते हुए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।