औरैया। जिले में डेंगू और बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। गांव में जलभराव और गंदगी के कारण बीमारी कम होती नजर नहीं आ रही है। इधर स्वास्थ्य विभाग कोरोना टीका लगाने पर जोर दे रहा है। शनिवार को एलाइजा सैंपल में छह वर्षीय बालिका डेंगू संक्रमित मिली।
जिले में बीमारी पर नियंत्रण के लिए अधिकारी प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर असर नजर नहीं आ रहा है। अस्पतालों में काफी संख्या में बुखार, सर्दी, खांसी के मरीज पहुंच रहे हैं। शनिवार को सैफई से आई जांच रिपोर्ट में फफूंद क्षेत्र के नरिया का पुरवा निवासी छह वर्षीय बालिका डेंगू संक्रमित मिली। जिले में अब तक डेंगू संक्रमितों की संख्या 209 पहुंची है। जिसमें सक्रिय केसों की संख्या 30 है। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि जिस गांव में लोग बीमार हैं, उनका इलाज किया जा रहा है।
बतादें मुख्यमंत्री की समीक्षा के बाद स्वास्थ्य विभाग कोरोना टीकाकरण पर जोर दे रहा है। शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों ने गांव-गांव टीमों को भेजकर टीकाकरण कराया। शनिवार को जिले में 200 टीमें टीकाकरण अभियान में जुटीं रहीं। टीमों ने 13 हजार 796 लाभार्थियों का टीकाकरण किया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।