औरैया। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डेंगू ने पांच सालों के रिकार्ड तोड़ दिए हैं। गांव के साथ अब शहरी क्षेत्र में मरीजों के मिलने का सिलसिला शुरू है। शहर के पढीन दरवाजा निवासी युवक डेंगू संक्रमित मिला है। अधिकारियों ने संक्रमण पर नियंत्रण के प्रभावी कदम उठाएं हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को जीएसवीएम मेडिकल कालेज कानपुर में शहर के मोहल्ला पढीन दरवाजा निवासी 31 वर्षीय युवक की एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित मिलने पर पढीन दरवाजा मोहल्ले में स्वास्थ्य टीम भेजी गई है। एक संक्रमित मरीज मिलने से जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 196 जा पहुंची है।
डेंगू संक्रमण फैलने के बाद सक्रिय हुईं स्वास्थ्य टीमों ने अब तक 20 हजार 759 बुखार से पीड़ित मरीजों का उपचार किया है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि मंगलवार को रजपुरा, अकबरपुर अयाना, ऐरवाकटरा, उमरैन आदि स्थानों पर स्वास्थ्य टीमें पहुंचीं। जहां 294 मरीजों का उपचार किया गया। डेंगू के लक्षण वाले 18 व्यक्तियों के एलाइजा के सैंपल लिए गए।