औरैया। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। लगातार नए मरीज मिल रहे हैं। शहर और गांव के बाद अब बीहड़ क्षेत्र में बीमारी ने पांव पसारना शुरू कर दिए हैं। शनिवार को बीहड़ के सेंगनपुर और रायपुर में दो डेंगू के मरीज मिले हैं। इसके साथ ही गांव में काफी संख्या में लोग बुखार से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य टीम ने गांवों में पहुंचकर मरीजों की जांच कर दवाइयां दीं।
डेंगू के साथ बुखार का प्रकोप जिले में बढ़ता जा रहा है। डेंगू के मरीज भी रोज मिल रहे हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग अभी तक बीमारी पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया हैं। निजी अस्पतालों में डेंगू के मरीजों का उपचार हो रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग उन्हें डेंगू संक्रमित नहीं मान रहा है। शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि सैफई लैब से दो एलाइजा सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसमें बीहड़ के गांव सेगनपुर निवासी छह वर्षीय बालिका और रायपुर निवासी आठ वर्षीय बालिका शामिल है।
बताया कि संक्रमण पर नियंत्रण के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बतादें कि अब जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 193 पहुंच गई है। गांव-गांव जा रहीं टीमों ने 20 हजार 278 बुखार पीड़ित मरीजों का उपचार किया है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि शनिवार को सेगनपुर, रायपुर, अयाना, ऐरवाकटरा आदि स्थानों पर स्वास्थ्य टीमें पहुंचीं। जहां बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित एक सैकड़ा से अधिक मरीजों का उपचार किया गया और उन्हें दवाएं दी गईं।