औरैया। जिले में बुखार का प्रकोप है। बुधवार को पांच गांवों में 300 से अधिक लोग बीमार मिले। वहीं एलाइजा जांच में तीन को डेंगू की पुष्टि हुई। बीमारी प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य टीमों ने पहुंच कर इलाज कर मरीजों को दवाइयां दीं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को सैफई से प्राप्त एलाइजा सैंपलों की रिपोर्ट में तीन और डेंगू संक्रमित मिले हैं। जिसमें उमरैन ऐरवाकटरा निवासी 15 वर्षीय युवक, बाकरपुर निवासी 18 वर्षीय युवक, सोनासी महेवी निवासी 42 वर्षीय महिला है। बताया कि संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वह संबंधित मरीज के क्षेत्र में मरीजों के परिजनों व संपर्क में आने वालों की जांच करें।
साथ ही बुखार से पीड़ित मरीजों के गांवों में टीमें भेजकर उनका उपचार कराएं। बतादें कि बुधवार को मिले तीन डेंगू के मरीजों को मिलाकर अब जिले में कुल मरीजों की संख्या 89 हो गई है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि बुधवार को बीमारियों से पीड़ित मरीजों वाले गांव कखावतू, कैथोली, भगौतीपुर, भाऊपुर, मधूपुर समेत पांच गांवों में स्वास्थ्य टीमों को भेजा गया है।
इन गांवों में 300 से अधिक मरीजों का उपचार कर उन्हें निशुल्क दवाएं दीं गईं। साथ ही टीमों ने डेंगू के लक्षण वाले 41 मरीजों के एलाइजा के सैंपल लिए। जिन्हें जांच के लिए सैफई भेजा गया है।