औरैया। स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों के बाद भी डेंगू प्रकोप पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। आलम यह है कि प्रतिदिन डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार को जिले में आठ वर्षीय बालक समेत 11 और डेंगू के मरीज मिले हैं। इसी के साथ जिले में सक्रिय केसों की संख्या अब 86 पहुंच गई है। इधर चार गांवों में पहुंची स्वास्थ्य टीमों ने 228 लोगों का उपचार किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया सोमवार को एलाइजा के 33 सैंपल जीएसवीएम मेडिकल कालेज कानपुर भेजे गए थे। जिसमें आठ सैंपलों की रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा सैफई में भर्ती जिले के तीन मरीजों की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। मंगलवार को मिले मरीजों में सेऊपुर का 20 वर्षीय युवक, आठ वर्षीय बालक, 55 वर्षीय महिला, 13 वर्षीय बालक, 27 वर्षीय महिला, कुचला ऐरवाकटरा की 20 वर्षीय युवती, उमरैन ऐरवाकटरा की 21 वर्षीय युवती, 100 शय्या अस्पताल चिचौली में 24 वर्षीय महिला, मधुपुर में 17 वर्षीय युवक, कुठर्रा भाग्यनगर में 60 वर्षीय वृद्ध, ऐरवाकटरा में 28 वर्षीय महिला है।
बताया कि ऐरवाकटरा, अजीतमल स्वास्थ्य चिकित्सकों को निर्देशित किया है कि वह बुखार से पीड़ित मरीजों वाले गांवों में स्वास्थ्य टीमों को भेजें। साथ ही डेंगू के लक्षण वाले मरीजों के एलाइजा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि मंगलवार को अयाना, अजीतमल, भाग्यनगर स्वास्थ्य केंद्रों से स्वास्थ्य टीमें चार गांवों में पहुंचीं। जहां 228 मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान डेंगू लक्षण वाले 48 लोगों के एलाइजा के सैंपल लिए गए।
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या
50 शय्या जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को मरीजों की संख्या 450 के करीब रही। जिसमें सात डेंगू के लक्षण वाले मरीजों को भर्ती किया गया। इसी तरह बुखार से पीड़ित मरीज भी काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। जिन्हें डाक्टर भर्ती कर इलाज कर रहे हैं।