औरैया। लोक सभा चुनाव की मतगणना चार जून को होगी। इसके लिए निर्वाचन अधिकारियों ने मंडी समिति का अधिग्रहण करना शुरू कर दिया है। इसके चलते चार दिन मंडी पूरी तरह से बंद रहेगी। शुक्रवार मतगणना की तैयारी को लेकर कर्मचारी काम करते दिखे। वहीं अधिकारियों के निरीक्षण भी जारी रहे।
जनपद में 13 मई को मतदान हुआ था। इसके बाद मत पेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में ही बनाए गए स्ट्रांग रूम में ही रखवाया गया था। जहां पुलिस की सुरक्षा रहने के साथ-साथ सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है। राजनीतिक दलों के लोग भी निगरानी में लगे है। इसके लिए प्रशासन ने पीछे की ओर कुछ जगह को सील कर रखा है।
शनिवार की शाम तक मंडी में व्यापार होगा। दो जून से पांच जून तक मंडी मतगणना के चलते बंद रही है। चार जून को मतगणना होगी। इसकी तैयारियां प्रशासन ने तेज कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा प्रकाश के निर्देश पर मंडी प्रशासन ने एक सप्ताह पहले ही इस संबंध में सूचना जारी की। जिला निर्वाचन अधिकारी के निदेशानुसार दो जून से मंडी पूरी तरह बंद रहेगी। जो पांच जून तक बंद रहेगी। छह जून को विधिवत खोली जाएगी। बंदी के दौरान मंडी में सब्जी, फल, खाद्यान्न की बिक्री पर पूरी तरह से रोक रहेगी। किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश भी नहीं होने दिया जाएगा। इसके चलते मंडी में कोई भी व्यापारी, किसान खाद्यान्न व सब्जी लेकर न पहुंचे।
-
सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना
मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम के समीप है बने चबूतरों पर मतगणना होगी। चार जून की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। हर विधान सभा वार अलग-अलग मतगणना होगी। इसके लिए प्रत्येक विधान सभा में 14-14 टेबिलें डाली जाएंगी।