फफूंद। ईंट भट्ठा मालिक ने तीन लोगों पर रंगदारी मांगने और धमकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव सिंदुरिया आलमपुर निवासी सुरेश चंद्र पाल ने बताया कि उनका फफूंद के नवादा में जय परमहंस नाम से ईंट भट्ठा है। कुछ दिन पहले उन्होंने अपने भट्ठे को नवादा निवासी सुरेश उर्फ बड़े यादव को किराए पर दिया था। एक वर्ष का करार पूरा होने पर उन्होंने भट्ठा वापस ले लिया। आरोप लगाया कि अब सुरेश उनके भट्ठे पर कब्जा करना चाहता है।
संचालन करने के एवज में 20 हजार रुपये प्रतिमाह की रंगदारी मांग रहा है। मना करने पर धमकी दे रहा। शनिवार शाम वह भट्ठे के बाहर टहल रहा था, इसी बीच सुरेश अपने साथी शौकत व लईक के साथ कार से आए और रंगदारी के रुपये नहीं पहुंचने पर कार चढ़ाने की धमकी दी। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।