औरैया। विवाह के 10 माह भी नहीं हुए कि ससुरालजनों ने दहेज के लिए मुंह फैलाना शुरू कर दिया। मायके में पिता का बड़ा कारोबार देखकर ससुरालीजन महिला पर 20 लाख रुपये लेकर आने का दबाव बनाने लगे। परेशान नवविवाहिता ने दहेज प्रताड़ना के खिलाफ अदालत की शरण ली। अदालत के आदेश पर पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ महिला थाना में दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महावीरगंज निवासी श्रुति पोरवाल ने बताया कि उसकी शादी हरियाणा के गुरुग्राम के मोहल्ला गांधीनगर निवासी सौरभ रावल पुत्र विशंभर सिंह के साथ मार्च 2021 को हुई थी। शादी में मायके वालों ने अपनी क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया था। इसके बाद भी ससुरालीजन आए दिन प्रताड़ित करने लगे।
बताया कि मायके में पिता का घी का कारोबार है। ससुराल वाले इस बात का हवाला देकर 20 लाख रुपये लेकर आने के लिए दबाव बनाने लगे। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसे तरह-तरह से परेशान करने लगे। आरोप है कि पति ने एक बार चलती कार में मारपीट की। शिकायत पर घर वालों ने कई बार समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन ससुरालीजन अपनी मांग पर अड़े रहे।
तंग आकर पीड़िता मायके आ गई। आरोप है कि नवंबर 2021 को दोपहर लगभग तीन बजे ससुरालीजन समझौता करने की बात कहकर मायके आए थे। यहां पंचायत के दौरान दहेज की मांग करने लगे। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू कर दी। कोर्ट के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने पति गुरुग्राम निवासी पति सौरभ रावल, ससुर विशंभर सिंह, सास उर्मिला सिंह, ननद पूजा राघव व सुरभि उर्फ निधि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
ससुराल चलने का दबाव देने पर महिला ने जहर खाया
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा निवासी अंजलि (18) पत्नी विपेंद्र बाबू ने रविवार की दोपहर घर में जहर खा लिया। परिजन उसे तत्काल 50 शैया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अंजलि कुछ दिन पहले ही मायके मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा आई थी। रविवार को पहुंचे पति विपेंद्र ने उसे ससुराल चलने को कहा। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। बाद में अंजलि ने जहर खा लिया। उसका इलाज शुरू है।
हफ्ता नहीं देने पर दुकानदार को पीटा
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के जैतापुर गांव निवासी अतुल तिवारी ने बताया कि रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह गांव में किराना दुकान पर बैठा था। तभी गांव के कुछ लोग सारिया व डंडा लेकर आए और हफ्ता मांगने लगे। विरोध करने पर पीटकर घायल कर दिया। साथ ही किसी फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर चले गए। कोतवाली पुलिस तहरीर लेकर जांच कर रही है। संवाद